
कलेक्टर ने मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने के दिए निर्देश
मऊगंज विशाल समाचार. कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में मतदाता सूची में लॉजिकल त्रुटियों के निराकरण के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने कहा कि सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ पर्यवेक्षक और नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर बीएलओ के माध्यम से दो दिवस में मतदाता सूची की सभी तार्किक विसंगतियों को दूर करें। बीएलओ ऐप के माध्यम से नो-मैपिंग डेटा और लॉजिकल डिस्क्रिपेंसीज का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। मतदाताओं से प्राप्त होने वाले सभी दावा-आपत्तियों का तत्काल डिजिटाइजेशन करें। कार्य की गंभीरता को देखते हुए इसे समय-सीमा में पूर्ण करना अनिवार्य है। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम इसमें शामिल न हो। यदि मैदानी स्तर पर डेटा सुधार या ऐप संचालन में कोई तकनीकी बाधा आती है तो वे तुरंत जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों से संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त करें। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर एपी द्विवेदी, सभी एसडीएम, तहसीलदार और नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



