साफ पेयजल के लिए जिले में चलाया जा रहा जल सुरक्षा-जल संरक्षण-जल सुनवाई अभियान
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल शुद्धता के लिए अभियान 31 मई तक
कलेक्टर ने शुद्ध पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित कराने के दिये निर्देश
मऊगंज विशाल समाचार. आमजनता को साफ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मऊगंज जिले में जल सुरक्षा-जल संरक्षण तथा जल सुनवाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य पेयजल के स्त्रोत से लेकर आमजनता के घर तक पहुंचने पर उसकी शुद्धता बनाए रखना है। अभियान के तहत पेयजल स्त्रोतों, पाइपलाइन, पानी की टंकी तथा जलशोधन संयंत्रों की नियमित निगरानी और साफ-सफाई की जा रही है। यह अभियान दो चरणों में चलाया जा रहा है। अभियान का प्रथम चरण 10 जनवरी से 28 फरवरी तक चलाया जाएगा। अभियान का दूसरा चरण एक मार्च से 31 मई तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पेयजल के प्रत्येक स्त्रोत के पानी की जाँच की जाएगी। अभियान के दौरान चिन्हित दल घर-घर जाकर पेयजल के नमूने लेकर मौके पर ही किट के माध्यम से जाँच करेंगे। नलजल योजनाओं की पाइपलाइनों में लीकेज सुधार का भी कार्य अभियान के दौरान किया जाएगा। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल प्रदाय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
इस संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जल सुरक्षा-जल संरक्षण-जल सुनवाई अभियान के दौरान आधुनिक तकनीक का उपयोग करके पाइपलाइनों की जाँच की जाएगी। नगरीय निकायों में पाइपलाइन की जाँच के लिए जल रेखा ऐप जारी किया गया है। इसमें शहरी क्षेत्र की पेयजल पाइपलाइन और सीवर लाइन को जियो लोकेशन के साथ दर्ज किया गया है। यदि कोई पेयजल पाइपलाइन दर्ज नहीं है तो ऐप को ऑन कर उसके साथ-साथ चलने पर पाइपलाइन ऐप में अपलोड हो जाएगी। इसके माध्यम से पाइपलाइनों की निगरानी अधिक प्रभावी होगी। जिन स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन और सीवर लाइन पास-पास हैं अथवा क्रास कर रही हैं वहाँ पर सतत निगरानी रखी जाएगी। किसी भी तरह का लीकेज होने पर तत्काल सुधार किया जाएगा।
अभियान के दौरान शहरी क्षेत्र में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा आमजनता के घरों में लगे नल से पानी के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है। गुणवत्ता में किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार किया जा रहा है। अभियान के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के सभी हैण्डपंपों के पानी के नमूने लेकर उनके गुणवत्ता की भी जांच की जा रही है। नलजल योजनाओं तथा ट्यूबवेल से पेयजल की आपूर्ति जहाँ हो रही है वहाँ पर भी पेयजल की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। अभियान के दौरान पानी की सभी टंकियों की साफ-सफाई की जा रही है। साफ-सफाई करके उसकी फोटो ऐप पर अपलोड की जा रही हैं। साथ ही टंकी में साफ-सफाई की आगामी तिथि भी अंकित की जा रही है। सभी अधिकारियों को पेयजल के संबंध में प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए जन सुनवाई की ही तरह हर मंगलवार को जल सुनवाई का आयोजन किया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन 181 में पेयजल से संबंधित बिन्दु पृथक से शामिल किया गया है।



