
भारतीय पर्यटन विकास सहकारी संस्था द्वारा
छठा पुणे पर्यटन महोत्सव 16 से 18 जनवरी तक
प्रवीण घोरपड़े ने पत्रकार परिषद में दी जानकारी; लोकल से ग्लोबल यात्राओं के कई विकल्प उपलब्ध
पुणे विशाल समाचार:महाराष्ट्र राज्य के पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय पर्यटन विकास सहकारी संस्था की ओर से आयोजित किया जाने वाला ‘पुणे पर्यटन महोत्सव’ (पुणे ट्रैवल फेस्टिवल) इस वर्ष 16 से 18 जनवरी 2026 के दौरान होटल सेंट्रल पार्क, डेक्कन, पुणे में आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव तीनों दिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुला रहेगा। यह जानकारी संस्था के चेयरमैन प्रवीण घोरपड़े ने एक पत्रकार परिषद में दी।
इस अवसर पर संस्था के सचिव प्रथमेश कुलकर्णी, कोषाध्यक्ष हेमंत जानी, निदेशक संतोष माने, सजेश पिल्ले, आशीष हिंगमिरे, अमित कुलकर्णी, चंदन पठारे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रवीण घोरपड़े ने बताया कि इस वर्ष पुणे पर्यटन महोत्सव का छठा संस्करण आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार, 16 जनवरी को सुबह 10 बजे सुप्रसिद्ध गायिका डॉ. राधा मंगेशकर तथा पर्यटन संचालनालय के उपसंचालक भरत लांघी के करकमलों से होगा।
महोत्सव में 70 से अधिक प्रतिष्ठित पर्यटन कंपनियां अपने देश-विदेश के टूर पैकेज और यात्रा विकल्प प्रस्तुत करेंगी।
महोत्सव के दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम, कॉर्पोरेट ट्रैवल एंड टूरिज्म मीट, कश्मीर टूरिज्म, महाराष्ट्र टूरिज्म, मानसरोवर यात्रा जैसे विषयों पर चर्चासत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही डॉ. राधा मंगेशकर द्वारा ‘एकटीचा सफरनामा’ (एकल यात्रा के अनुभव) पर आधारित अनुभव कथन भी प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि इस महोत्सव में महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल (MTDC), पर्यटन संचालनालय, पर्यटन मंत्रालय, पुणे एयरपोर्ट प्रशासन, रेलवे स्टेशन प्रशासन, पासपोर्ट कार्यालय, मेट्रो व पीएमपीएल प्रशासन, ट्रैवल एजेंसी एसोसिएशन, होटल-रेस्टोरेंट व रिसॉर्ट्स एसोसिएशन, एग्री-टूरिज्म एसोसिएशन, लोकल टूर गाइड्स तथा इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े अधिकारी एवं पदाधिकारी आमंत्रित किए गए हैं।
महोत्सव में कोकण से लेकर कैलिफोर्निया तक की यात्राओं के विविध विकल्प एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। इस दौरान बुकिंग करने वाले पर्यटकों को विशेष छूट दी जाएगी। साथ ही प्रतिदिन लकी ड्रॉ का आयोजन होगा और कई पर्यटन कंपनियां आकर्षक योजनाएं पेश करेंगी।
अंत में प्रवीण घोरपड़े ने पुणे एवं आसपास के नागरिकों से इस पर्यटन महोत्सव का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।


