
पुलिस मुठभेड़ में 24 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
इटावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी घायल
इटावा विशाल समाचार। अपराध नियंत्रण की दिशा में इटावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बकेवर पुलिस टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जनपद में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सुनवर्षा अंडरपास के पास एक बिना नंबर प्लेट की कार को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर कार सवार अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर उरैन गांव के पास अभियुक्तों ने दोबारा फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में प्रवीन उर्फ मंगल यादव उर्फ सुनील कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी। मौके से एक अभियुक्त फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक फैक्ट्री मेड रायफल (.315 बोर), 4 खोखा कारतूस, 6 जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त ह्युण्डई एक्सेंट कार बरामद की गई है, जिसे एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध लूट, डकैती, चोरी, धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 24 गंभीर मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं।
मामले में थाना बकेवर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

