
जनसुनवाई में 38 आवेदकों की हुई सुनवाई
मऊगंज विशाल समाचार. मऊगंज कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई करते हुए अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय ने 38 आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समाधानकारक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बुद्धसेन साकेत निवासी ग्राम घुरेहटा ने आयुष्मान कार्ड बनाने, सियाशरण मिश्रा ग्राम बघैला ने सीएम हेल्पलाइन में गलत जवाब फीड कर शिकायत को फोर्स क्लोज किए जाने तथा राजमणि चौरसिया निवासी रामपुर ने नक्शा तरमीम का आवेदन प्रस्तुत किया जिन्हें संबंधित अधिकारियों को कार्यवाही के लिए प्रेषित किया गया। जिले के ग्राम भाटी जंगल व बहेरा डाबर के आदिवासी भूमिहीन व्यक्तियों ने आवासीय पट्टा प्रदान करने का आवेदन दिया, जिसे तहसीलदार मऊगंज को परीक्षण हेतु प्रेषित किया गया। इसी प्रकार सरस्वती शिक्षा समिति कोनि द्वारा विद्यालय परिसर से अतिक्रमण हटाने, सुशीला देवी निवासी घुरेहटा द्वारा विद्युत कनेक्शन प्रदाय करने तथा मकसूदन नाई भमरहा द्वारा भूमि का सीमांकन कराए जाने के आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर कार्यवाही हेतु निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में भीमसेन मिश्रा निवासी गोंदरी ने आवारा पशुओं से फसलों की क्षति को रोके जाने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुमन शुक्ला ने वेतन दिलाए जाने तथा नीलेश कुमार कोल ने लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ दिलाए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया, जिन्हे अपर कलेक्टर द्वारा विभागीय अधिकारियों को समुचित कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया।



