
बास्केटबॉल लीग के विस्तार हेतु एसीजी स्पोर्ट्स की भागीदारी
महाराष्ट्र बास्केटबॉल लीग का आयोजन 14 से 21 मार्च तक पुणे में
पुणे, विशाल सिंह:
देश में बास्केटबॉल को व्यावसायिक मंच देने और युवा खिलाड़ियों के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसीजी स्पोर्ट्स ने एबीसी बास्केटबॉल डेवलपमेंट लीग के साथ साझेदारी की है। इस पहल के अंतर्गत महाराष्ट्र बास्केटबॉल लीग का आयोजन 14 से 21 मार्च 2026 तक पुणे के खराड़ी स्थित राजाराम भिकू पठारे स्टेडियम में किया जाएगा।
इस लीग में आठ पुरुष और पांच महिला टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को निरंतर प्रतिस्पर्धात्मक माहौल, व्यावसायिक अनुभव और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। यह जानकारी एसीजी स्पोर्ट्स के स्ट्रैटेजिक हेड राहुल झा तथा एबीसी बास्केटबॉल डेवलपमेंट लीग के निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिरुद्ध पोळे ने विमाननगर स्थित फोर पॉइंट्स शेराटन होटल में आयोजित पत्रकार परिषद में दी।
अनिरुद्ध पोळे ने बताया कि इस संयुक्त पहल का लक्ष्य राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल के लिए दीर्घकालीन विकासात्मक ढांचा तैयार करना है, जिससे जमीनी स्तर के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। वर्ष 2026 में महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली और तेलंगाना में 14 व 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए सात बास्केटबॉल लीग आयोजित की जाएंगी। अगले चरण में आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा-चंडीगढ़ में भी लीग का आयोजन प्रस्तावित है।
राहुल झा ने कहा कि भारतीय बास्केटबॉल के भविष्य के लिए खिलाड़ियों के विकास का एक समग्र मार्ग आवश्यक है। फ्रेंचाइजी आधारित इन लीगों के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें संरचित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एसीजी के ‘हाई परफॉर्मेंस सेंटर्स’ में चयन परीक्षण का अवसर भी मिलेगा।
इस लीग के ब्रांड एंबेसडर प्रसिद्ध अभिनेता सुनील शेट्टी और रणविजय सिंह होंगे। केरल बास्केटबॉल लीग का आयोजन पहले ही शुरू हो चुका है, जबकि दिल्ली और तेलंगाना में आगामी चरणों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। एसीजी स्पोर्ट्स, एसीजी फार्मास्युटिकल समूह की खेल प्रबंधन इकाई है, जो बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से देश में बास्केटबॉल के व्यावसायिक एवं प्रशिक्षण ढांचे के विकास हेतु कार्यरत है।
विभिन्न राज्यों की बास्केटबॉल संघटनाओं ने इस पहल का स्वागत किया है। महाराष्ट्र राज्य बास्केटबॉल संघ के सचिव गोविंद मुथुकुमार ने कहा कि इस तरह के संरचित उपक्रम महाराष्ट्र की समृद्ध बास्केटबॉल संस्कृति को नई दिशा देंगे। वहीं केरल बास्केटबॉल संघ के सचिव पी. सी. अंटोनी, तेलंगाना बास्केटबॉल संघ के सचिव पृथ्वी रेड्डी तथा दिल्ली बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष मुकेश कालिया ने भी इसे युवाओं के लिए करियर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



