सीतामढ़ीशिक्षा

समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सीतामढ़ी आगमन

समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सीतामढ़ी आगमन

विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था और जनसंवाद पर प्रशासन की प्रेस ब्रीफिंग

सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता 

समृद्धि यात्रा के क्रम में आज माननीय मुख्यमंत्री बिहार, श्री नीतीश कुमार का सीतामढ़ी जिले में आगमन हुआ। कार्यक्रम का सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन द्वारा संयुक्त रूप से प्रेस ब्रीफिंग की गई।

मीडिया को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने कहा कि सीतामढ़ी जिला निरंतर विकास एवं प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि सात निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। विशेष रूप से सात निश्चय-3 के तहत चिन्हित योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि “सातवाँ निश्चय—सबका सम्मान, जीवन आसान” का उद्देश्य आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सरल बनाना तथा सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ और संवेदनशील बनाना है। सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सभी कार्यालयों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चंदौली घाट पर मीनापुर–बेलसंड पथ स्थित पुल के उद्घाटन से मीनापुर की दूरी में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 504 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की जा रही है, जिससे सीतामढ़ी को औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जा सकेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उद्योग विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा उद्यमियों को बैंक लिंकेज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सभी प्रखंडों के मॉडल स्कूलों के अनुश्रवण में तेजी लाई जाएगी और विद्यालयों में बच्चों को अखबार पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि एमएमयूवाई (MMUY) एवं एमएमएलयूवाई (MMLUY) के सफल लाभुकों की उपलब्धियों को स्थानीय मीडिया में प्रकाशित कराया जाएगा तथा उनके कार्यस्थलों पर प्रेस विजिट का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए जहाँ आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध नहीं हैं, वहाँ निजी क्षेत्र के माध्यम से रेडियोलॉजी एवं अल्ट्रासाउंड जैसी सेवाओं की व्यवस्था की जाएगी।

वहीं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन ने कहा कि वर्ष 2025 में, वर्ष 2024 की तुलना में जिले में अपराध के ग्राफ में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। यह पुलिस प्रशासन की सक्रिय कार्यप्रणाली और जनसहयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला एवं बालिका सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में महिला पुलिसकर्मी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जाकर छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगी, ताकि उन्हें सुरक्षा, कानून एवं अधिकारों की जानकारी दी जा सके।

प्रेस ब्रीफिंग में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री कमल सिंह भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button