पूणे

बजाज पुणे ग्रैंड टूर के पहले चरण की भव्य शुरुआत

बजाज पुणे ग्रैंड टूर के पहले चरण की भव्य शुरुआत

टीसीएस से आकुर्डी घाट-घुमावदार मार्ग पर उमड़ा जनसैलाब

उद्घाटन में वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर की विशेष उपस्थिति

पुणे(सोहन सिंह): 

‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर–2026’ अंतरराष्ट्रीय साइकिल प्रतियोगिता के पहले चरण का शुभारंभ अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। हिंजवडी स्थित टीसीएस सर्कल से शुरू हुए इस चरण को विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार, पिंपरी-चिंचवड पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे तथा वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर औपचारिक रूप से रवाना किया गया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

पहले चरण की कुल दूरी 91.8 किलोमीटर रही। यह चरण पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका क्षेत्र के साथ-साथ मुळशी और मावल तालुकों के घाट-घुमावदार मार्गों से होकर गुजरने के कारण साइकिल चालकों के लिए गति, सहनशक्ति और तकनीकी कौशल की कड़ी परीक्षा साबित हुआ। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर मार्ग पर माण–अंबवडे ग्राम कमान–पौड–चाले–नांदगांव–कोळवण–हडशी झील–जावण–तिकोना पेठ–काले–कडधे–थुगाव–शिवणे–डोणे–सावळे चौक–आढळे बुद्रुक–बेबड ओहळ–चंदनवाड़ी–चांदखेड़–कासारसाई–नेरे–मारुंजी–लक्ष्मी चौक–भूमकर चौक–डांगे चौक–श्री संत नामदेव महाराज चौक मार्गे डॉ. डी. वाय. पाटील इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट, आकुर्डी में दोपहर लगभग 4 बजे इस चरण का समापन हुआ।

जिला प्रशासन की ओर से इस चरण के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। प्रतियोगिता मार्ग का निरीक्षण कर यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन सुविधाओं को लेकर सूक्ष्म योजना बनाई गई। कुछ समय के लिए मार्गों पर यातायात परिवर्तित किया गया तथा आवश्यक स्थानों पर मार्ग बंद रखे गए। पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी पूरे मार्ग पर तैनात रहे।

घाट-घुमावदार सड़कों पर साइकिल चालकों ने गति और क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। तीखे मोड़, चढ़ाई-उतराई और संकरे रास्तों के कारण प्रतियोगियों के सामने चुनौतियां थीं, किंतु अंतरराष्ट्रीय स्तर के साइकिल चालकों ने आत्मविश्वास के साथ इन चुनौतियों को पार किया। मार्ग पर निर्धारित स्थानों पर चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस, तकनीकी सहायता वाहन तथा रिफ्रेशमेंट पॉइंट्स की व्यवस्था की गई थी। ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे और मोटरसाइकिल दस्तों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की सतत निगरानी की गई।

समापन स्थल पर साइकिल चालकों का उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। विजेता और अग्रणी साइकिल चालकों ने मीडिया से बातचीत में मार्ग की संरचना, प्राकृतिक सौंदर्य और भारतीय दर्शकों के जोश को अविस्मरणीय बताया। कई विदेशी खिलाड़ियों ने पुणे जिले के घाट मार्गों को विश्व-स्तरीय साइकिल प्रतियोगिताओं के लिए अत्यंत उपयुक्त बताया।

 

जिले के पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने तथा युवाओं के लिए खेल व पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर–2026’ का आयोजन किया गया है। पहले चरण की सफल समाप्ति के बाद आगामी चरणों को लेकर साइकिल प्रेमियों में जबरदस्त उत्सुकता देखी जा रही है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पुणे जिले की खेल, पर्यटन और वैश्विक पहचान को नया आयाम देने वाली साबित हो रही है।

क्षणचित्र

▪️ हिंजवडी क्षेत्र में आईटी सेक्टर के युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय साइकिल प्रतियोगिता को लेकर नागरिकों में भारी उत्साह रहा।

▪️ कई अभिभावक अपने छोटे बच्चों के साथ मौजूद थे। बच्चे अपनी साइकिल के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।

▪️ टीसीएस चौक पर स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा एवं किले की भव्य प्रतिकृति नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी।

▪️ बड़ी स्क्रीन पर चल रहे लाइव प्रसारण के सामने रुककर नागरिकों ने प्रतियोगिता का रोमांच अनुभव किया।

▪️ भारत में पहली बार आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय साइकिल प्रतियोगिता से पुणे का नाम वैश्विक खेल मानचित्र पर उभरने की भावना नागरिकों ने व्यक्त की।

▪️ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सड़कों के निर्माण पर भी नागरिकों ने संतोष जताया। “अब तक ऐसी प्रतियोगिताएं केवल टीवी पर देखी थीं, आज प्रत्यक्ष अनुभव करना रोमांचक है,” युवाओं ने प्रतिक्रिया दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button