
आपात परिस्थितियों में त्वरित व समन्वित कार्रवाई पर जोर
डायल-112 व फायर सर्विस कर्मियों के साथ इटावा पुलिस की महत्वपूर्ण बैठक
इटावा, विशाल समाचार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में डायल-112 तथा फायर सर्विस में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी नगर श्री अभय नारायण ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों जैसे दुर्घटना, आगजनी, प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान पुलिसकर्मियों की भूमिका को अधिक संवेदनशील, सतर्क एवं तत्पर बनाना रहा। इस दौरान हाल ही में नोएडा में घटित एक घटना का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए चर्चा की गई कि आपात स्थितियों में त्वरित, समन्वित एवं वैज्ञानिक कार्यप्रणाली अपनाकर जन-धन की हानि को न्यूनतम कैसे किया जा सकता है।
बैठक में पुलिसकर्मियों को आपात सूचना प्राप्त होते ही शीघ्र प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने, घटनास्थल पर पहुंचकर सुरक्षा घेरा बनाकर नागरिकों को सुरक्षित निकालने, फायर सर्विस, एम्बुलेंस व अन्य आपात सेवाओं के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने तथा घायलों को त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त तकनीकी संसाधनों के उपयोग और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन करते हुए जोखिम न्यूनीकरण के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन उच्चतम पेशेवर मानकों, मानवीय संवेदनशीलता और टीमवर्क के साथ करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आमजन को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

