इटावा

इटावा: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी बैठक सम्पन्न

इटावा: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी बैठक सम्पन्न

इटावा, विशाल समाचार—जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह को सुव्यवस्थित ढंग से मनाए जाने हेतु तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि 26 जनवरी को प्रातः 8:30 बजे सभी सरकारी भवनों एवं कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण हों। यह हम सभी का दायित्व है कि कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम अनिवार्य रूप से आयोजित कराने के निर्देश दिए।

अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया गया कि शहर में अनाउंसमेंट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक जनता जागरूक हो सके। साथ ही गौशालाओं की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त कराया जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में वॉलीबॉल प्रतियोगिता, मुनादी एवं अन्य गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस समारोह सुव्यवस्थित और सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जाए। 25 जनवरी की रात्रि में सभी सरकारी भवनों तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक इमारतों को प्रकाशमान किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।

उन्होंने निर्देश दिए कि 26 जनवरी को शहर में स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, मार्गों एवं सड़कों की साफ-सफाई की व्यवस्था अधिशासी अधिकारी नगर पालिका इटावा, भरथना, जसवंतनगर तथा नगर पंचायत इकदिल, बकेवर और लखना द्वारा सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त इटावा नगर पालिका द्वारा मुहल्ला पुरबिया टोला और तलैया मैदान जैसे ऐतिहासिक स्थलों की विशेष सफाई कराई जाएगी।

मलिन बस्तियों—नौरंगाबाद (बाल्मीकि बस्ती) एवं अजीत नगर—में पहले से सफाई कराई जाएगी। नौरंगाबाद में प्रातः 10:00 बजे मेडिकल कैंप का आयोजन मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी इन बस्तियों में दी जाएगी।

जनपद के प्रमुख चौराहों—रेलवे स्टेशन, शास्त्री चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा, पक्काबाग चौराहा और विजय नगर चौराहा—पर लाउडस्पीकर लगाकर राष्ट्रीय गीतों का प्रसारण कराया जाएगा। नुमाइश के बगल वाले पार्क की सजावट की व्यवस्था नगर पालिका द्वारा की जाएगी। बड़े होटलों में राष्ट्रीय गीत बजाने की व्यवस्था खाद्य एवं औषधि निरीक्षक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रमों के समय-सारिणी के अनुसार, प्रातः 7:30 बजे शिक्षण संस्थानों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रातः 8:30 बजे सभी सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं संविधान में उल्लिखित संकल्प का वाचन होगा। प्रातः 9:30 बजे पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस परेड आयोजित होगी। प्रातः 10:00 बजे सभी शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण तथा स्टेडियम में 5 किमी महिला एवं पुरुष दौड़ सहित खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी।

प्रातः 11:30 बजे जिला कारागार में विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ फल वितरण किया जाएगा, जिसकी व्यवस्था अधीक्षक जिला कारागार द्वारा की जाएगी। 11:40 बजे नारी निकेतन एवं विशेष राजकीय गृह (किशोर) में फल वितरण प्रोबेशन अधिकारी द्वारा कराया जाएगा। 12:30 बजे टी.वी. अस्पताल में मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। अपराह्न 3:00 बजे एनसीसी, स्काउट-गाइड, पीआरडी, होमगार्ड, युवक मंगल दल आदि का संयुक्त रूट मार्च निकाला जाएगा।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायती राज अधिकारी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही 26 जनवरी तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं देशभक्ति गीतों के प्रसारण की समुचित व्यवस्था की जाए।

प्रशासन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button