
गणतंत्र दिवस समारोह–2026 की तैयारियाँ पूर्ण
डुमरा हवाई अड्डा मैदान में होगा मुख्य आयोजन, परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास सम्पन्न
सीतामढ़ी विशाल समाचार:जिले में गणतंत्र दिवस समारोह–2026 की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। मुख्य समारोह का आयोजन स्थानीय डुमरा हवाई अड्डा मैदान में किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए डुमरा परेड मैदान में आयोजित होने वाले परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का निरीक्षण जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने परेड की सलामी भी ली।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, एसडीओ सदर, एसडीपीओ सदर, समाहर्ता, एनडीसी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय एवं कनिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड में सम्मिलित होने वाली सभी टुकड़ियों तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
26 जनवरी को आयोजित होने वाली परेड में जिला सशस्त्र पुलिस, जिला गृह रक्षा वाहिनी, सैप, बी–सैप, सशस्त्र सीमा बल, महिला बल, भारत स्काउट एंड गाइड, एनसीसी तथा आवासीय विद्यालय राघोपुर बखरी के छात्र-छात्राओं की टुकड़ियाँ भाग लेंगी।

डुमरा परेड मैदान में पूर्वाह्न 9:00 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया जाएगा।


