बार्टी द्वारा वनंद में रमाबाई जयंती का आयोजन
रिपोर्ट : विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: पुणे,महाराष्ट्र
पुणे :डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर संशोधन एवं प्रशिक्षण संस्था (बार्टी), पुणे की ओर से त्यागमूर्ति रमाबाई भीमराव आंबेडकर की 129वीं जयंती के अवसर पर उनके जन्मस्थल वनंद, तहसील दापोली, जिला रत्नागिरी में 7 फरवरी 2026 को विविध प्रबोधनात्मक, अभिवादन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
बार्टी संस्था के महानिदेशक सुनील वारे, निबंधक विशाल लोंढे तथा विस्तार एवं सेवा विभाग के विभागप्रमुख डॉ. बबन जोगदंड के मार्गदर्शन में वनंद के साथ-साथ पुणे स्थित महामाता रमाबाई भीमराव आंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक एवं बार्टी मुख्यालय में भी अभिवादन कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
वनंद में बार्टी संस्था की ओर से डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर एवं अन्य महापुरुषों पर आधारित मूल्यवान पुस्तकों की बिक्री रियायती दरों पर की जाएगी। इस पुस्तक स्टॉल का उद्घाटन बार्टी संस्था के महानिदेशक सुनील वारे तथा भारतीय बौद्ध महासभा के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर के हाथों किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत भीमशाहिर शहीद खेरटकर द्वारा निर्मित “क्रांति के पाऊले” तथा “मैं रमाबाई बोल रही हूँ” एकपात्री नाटक का मंचन कु. प्रेरणा खरात लिंगेकर द्वारा किया जाएगा।
बार्टी की ओर से विविध प्रबोधनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में अनुयायियों एवं नागरिकों से उपस्थित रहने का आह्वान विस्तार एवं सेवा विभाग के विभागप्रमुख डॉ. बबन जोगदंड ने किया है।



