
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे टोरल इंडिया के सुपा प्लांट का उद्घाटन
1200 से अधिक रोजगार के अवसर होंगे उपलब्ध : भरत गीते
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे :एल्यूमिनियम सैंड कास्टिंग क्षेत्र में देश की अग्रणी कंपनी टोरल इंडिया के सुपा स्थित नए उत्पादन संयंत्र का उद्घाटन राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया जाएगा। यह उद्घाटन समारोह सुपा एमआईडीसी (अहिल्यानगर) में रविवार, 8 फरवरी को सुबह 10 बजे आयोजित होगा। यह जानकारी ‘एल्यूमिनियम मैन ऑफ इंडिया’ तथा टोरल इंडिया के संस्थापक भरत गीते ने पुणे में आयोजित पत्रकार परिषद में दी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमाकांत शिवणकर तथा कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस के सहायक प्रबंधक निलेश जायभाये उपस्थित थे।
भरत गीते ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के साथ कार्यरत टोरल इंडिया ने चाकण के बाद अब सुपा एमआईडीसी में अपना दूसरा उत्पादन संयंत्र स्थापित किया है। इस संयंत्र में अत्याधुनिक एल्यूमिनियम सैंड कास्टिंग का उत्पादन किया जाएगा। यह परियोजना अहिल्यानगर जिले के लिए एक महत्वपूर्ण औद्योगिक उपलब्धि साबित होगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति देगी। इस संयंत्र के माध्यम से 1200 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि लगभग 12 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल में निर्मित यह संयंत्र इस क्षेत्र के सबसे बड़े एल्यूमिनियम कास्टिंग उत्पादन केंद्रों में से एक होगा। पूर्ण उत्पादन क्षमता शुरू होने के बाद यहां 1200 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के साथ-साथ परिवहन, लॉजिस्टिक्स, रखरखाव, स्थानीय आपूर्तिकर्ता, खानपान सेवाएं और लघु उद्योगों के माध्यम से बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
इस परियोजना से सुपा क्षेत्र में आधुनिक औद्योगिक अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में स्थायी एवं कौशल आधारित रोजगार मिलेगा, जिससे महानगरों की ओर पलायन कम होगा। टोरल इंडिया स्थानीय युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रम, शॉप-फ्लोर प्रशिक्षण तथा सुरक्षा-केंद्रित औद्योगिक प्रक्रियाओं पर विशेष जोर देगी।
भरत गीते ने आगे बताया कि दावोस में वर्ष 2025 के दौरान हुए 500 करोड़ रुपये के समझौते के तहत यह परियोजना मात्र एक वर्ष में साकार हुई है। यह राज्य में औद्योगिक निवेश को वास्तविक विकास में बदलने का एक सशक्त उदाहरण है। यह संयंत्र रेलवे, ऊर्जा, मोबिलिटी, रक्षा तथा औद्योगिक बुनियादी ढांचे के लिए उच्च गुणवत्ता वाले एल्यूमिनियम घटकों का निर्माण करेगा, जिससे सुपा और अहिल्यानगर को उन्नत विनिर्माण केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।


