
कलेक्टर मऊगंज ने 51 आवेदनों में की सुनवाई, निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
रिपोर्ट:विशाल समाचार संवाददाता
स्थान : मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने 51 आवेदन पत्रों में सुनवाई की। कलेक्टर ने आमजनों की समस्याओं से संबंधित आवेदनों पर कार्यवाही के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में रघुराई कोल निवासी ग्राम बघैला ने मुन्नालाल व अनिल कोल द्वारा धोखाधड़ी कर उसकी जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने पर जमीन वापस दिलाए जाने की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम हनुमना को आवेदन पत्र का परीक्षण कर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। विकास कुमार पटेल निवासी ग्राम बन्नई द्वारा ट्रैक्टर चोरी के आरोपियों पर कार्यवाही किए जाने और क्षतिपूर्ति दिलाए जाने का आवेदन दिया। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक मऊगंज को प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्र प्रेषित किया। श्रीकांत मिश्रा निवासी ग्राम भगदेवा ने जमीन के खसरा नम्बर में सुधार के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम हनुमना को आवेदन पत्र में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मीरा देवी हरिजन ने आंगनवाड़ी सहायिका के लिए नियुक्ति आदेश दिलाने, सरपंच ग्राम पंचायत बहेरा कोठार ने निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास गिराने वाले आरोपियों पर कार्यवाही करने, शांति मिश्रा निवासी ग्राम नदहा ने उनके घर में हुई चोरी के आरोपियों पर कार्यवाही करने तथा सुषमा शुक्ला निवासी ग्राम हटवा निर्भयनाथ ने जमीन का नामांतरण कराने सहित अन्य लोगों द्वारा अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र कलेक्टर को दिए गए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पत्रों पर आवश्यक कार्यवाही करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



