
महाशिवरात्रि को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित
रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: जसवंत नगर,उत्तर प्रदेश
जसवंतनगर। आगामी महाशिवरात्रि एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी (सीओ) आयुषी सिंह ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी कमल भाटी सहित पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में नगर व क्षेत्र के विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सीओ आयुषी सिंह ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द की भावना के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही नगर पंचायत एवं संबंधित विभागों को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा धर्मस्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता और सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए।
सीओ ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में नागरिक सीधे पुलिस से संपर्क करें। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करेगी।
बैठक में उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अंत में सभी गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।


