
इटावा में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक
रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा : मुख्यमंत्री डैशबोर्ड उoप्रo (जिला अनुश्रवण पुस्तिका) के माध्यम से दिनांक 13 फरवरी को अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक हुए विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत स्मार्ट मीटर और सोलर ऊर्जा परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जनपद में इस अवधि में कुल 10,000 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगवाए हैं, जिससे रिवेन्यू में सुधार हुआ है। उन्होंने आई0जी0आर0एस0 के फीडबैक एवं हेल्पलाइन सेवाओं में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए और कहा कि मॉनिटरिंग के दौरान किसी अधिकारी की अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा, बैठक में मनरेगा, रोजगार, फैमिली आई0डी0, टीकाकरण, संरक्षित निराश्रित गौवंश, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, विवाह अनुदान, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा, कन्या सुमंगला योजना, सेतु निर्माण, नई सड़कें, ओ0डी0ओ0पी0 टूल किट, सामूहिक विवाह योजना एवं वृद्धावस्था पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, उप कृषि निदेशक आर0एन0 सिंह, समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
