
ज्ञान से ग्लोबल बिज़नेस तक : पुणे में “गौ टेक 2026” आत्मनिर्भर भारत को नई दिशा देने वाला अंतरराष्ट्रीय आयोजन
मार्च 2026 में पुणे में भव्य वैश्विक कामधेनु महोत्सव, 5 लाख से अधिक आगंतुकों की संभावना
रिपोर्ट : विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे (महाराष्ट्र)। गौ आधारित उद्योग, विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता को वैश्विक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 20 से 23 मार्च 2026 तक एग्रीकल्चर कॉलेज ग्राउंड में “गौ टेक 2026” अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि गौ आधारित अर्थव्यवस्था को केंद्र में रखकर भारत को आत्मनिर्भर बनाने का व्यापक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय अभियान है।
इस चार दिवसीय आयोजन में देश-विदेश के नीति-निर्माता, वैज्ञानिक, उद्योगपति, स्टार्टअप, निवेशक, किसान, गौशालाएं, विश्वविद्यालय, संत समाज, महिला एवं युवा बड़ी संख्या में भाग लेंगे। आयोजन में 300 से अधिक स्टॉल, 10 से अधिक विषयगत परिसंवाद, विशेष सम्मेलन, बी2बी बैठकें तथा विदेशी प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। 5 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की संभावना व्यक्त की गई है।
यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय संस्था ग्लोबल कॉन्फेडरेशन ऑफ काउ-बेस्ड इंडस्ट्रीज (GCCI) द्वारा महाराष्ट्र गौ सेवा आयोग एवं आर.आर. केबल के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों को गति देना है।
GCCI के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. वल्लभभाई कथीरिया ने बताया कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को कामधेनु का स्वरूप माना गया है। दूध, गोमूत्र, गोबर एवं पंचगव्य के माध्यम से स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की व्यापक संभावनाएं हैं। “गौ टेक 2026” इन सभी संभावनाओं को एक मंच पर लाकर संवाद और निवेश को प्रोत्साहित करेगा।
आयोजन में ए-2 दूध आधारित उत्पाद, जैविक खाद, बायो-फर्टिलाइजर, गोबर पेंट, टाइल्स, प्लायवुड, बायोगैस, सीएनजी, बायो-फ्यूल, प्राकृतिक खेती, पशु प्रजनन तकनीक, सेक्स-सॉर्टेड सीमेन, एम्ब्रियो ट्रांसफर, सौर ऊर्जा, गौ-पर्यटन और पंचगव्य चिकित्सा जैसे विषयों पर प्रदर्शनी एवं चर्चा होगी। भारतीय देशी गौ नस्लों का लाइव प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
“गौ टेक 2026” के अंतर्गत कुलपति सम्मेलन, महिला सम्मेलन, संत सम्मेलन, पंचगव्य चिकित्सा सम्मेलन तथा गौशाला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालयों में “कामधेनु चेयर” स्थापित करने की पहल भी इस अवसर पर आगे बढ़ाई जाएगी।
20 मार्च 2026 को भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जबकि 23 मार्च को समापन समारोह में निवेश प्रस्तावों, समझौतों और भावी कार्ययोजना की घोषणा की जाएगी। आयोजन से पूर्व 15 मार्च 2026 को भूमिपूजन कार्यक्रम प्रस्तावित है।
कार्यक्रम को महाराष्ट्र गौ सेवा आयोग का विशेष सहयोग प्राप्त है तथा भारत सरकार के MSME मंत्रालय से प्रदर्शनी को मान्यता मिली है, जिससे भाग लेने वाले उद्यमियों को अनुदान का लाभ मिल सकेगा।
इस आयोजन के लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी के रूप में Toredo Fairs India Pvt. Ltd. को नियुक्त किया गया है।
आयोजकों ने गौ आधारित स्टार्टअप, महिला उद्यमी, जैविक किसान, गौशालाएं एवं उद्योग समूहों से स्टॉल बुकिंग और सहभागिता का आह्वान किया है। इच्छुक प्रतिभागी मोबाइल नंबर 93419 28011, 79874 41471, 83201 77647 या ई-मेल info@gautechexpo.in पर संपर्क कर सकते हैं।
“गौ टेक 2026” को गौ आधारित अर्थव्यवस्था, ग्रामीण विकास और भारतीय पारंपरिक ज्ञान को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।



