अपराधबिहारसीतामढ़ी

होली पर हुड़दंग, मारपीट व सड़क हादसों में 107 लोग पहुंचे सदर अस्पताल

होली पर हुड़दंग, मारपीट व सड़क हादसों में 107 लोग पहुंचे सदर अस्पताल

रिपोर्ट: कुणाल किशोर, विशाल समाचार

स्थान: सीतामढ़ी (बिहार)

सीतामढ़ी जिले में एक ओर जहां लोग होली के रंग में सराबोर दिखे, वहीं दूसरी ओर हुड़दंग और लापरवाही के कारण कई लोग मारपीट और सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होकर सदर अस्पताल पहुंचते रहे। शहर से लेकर गांव तक एंबुलेंस के सायरन की आवाजें गूंजती रहीं, जिससे होली के दिन अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा।

सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रोस्टर के अनुसार चिकित्सक डॉ. अमरनाथ यादव, डॉ. एसपी झा और डॉ. शाहिद परवेज सहित स्वास्थ्यकर्मी 24 घंटे मुस्तैद रहे। इमरजेंसी इंचार्ज भगवान प्रजापति ने बताया कि त्योहार के दिन कब और किस स्थिति में मरीज पहुंच जाए, यह कहना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर पर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की होली सेवा करते हुए ही बीत जाती है।

अस्पताल प्रबंधक विजय चंद्र झा भी लगातार इमरजेंसी व्यवस्था पर नजर बनाए रहे और समय-समय पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार होली के दिन इमरजेंसी वार्ड में कुल 107 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 29 लोग मारपीट की घटनाओं में घायल हुए थे, जबकि 21 मरीज सड़क दुर्घटनाओं में जख्मी होकर अस्पताल लाए गए। अन्य मरीज विभिन्न बीमारियों और सामान्य कारणों से उपचार के लिए पहुंचे।

इसी दौरान सड़क दुर्घटना की एक गंभीर घटना में शहर के गौशाला चौक के पास एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। यातायात पुलिस की तत्परता से शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

मारपीट और सड़क हादसों में घायल चार मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है। वहीं 17 घायलों को अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर उपचार जारी है, जबकि अन्य मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

होली के मौके पर हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान सावधानी और संयम बरतने की जरूरत को रेखांकित किया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button