
उप मुख्यमंत्री ने इंजीनियरिंग कालेज में टेक फेस्ट का किया शुभारंभ
इंजीनियरिंग कालेज ने विन्ध्य की कई प्रतिभाओं को तराशा – उप मुख्यमंत्री
रीवा से 17 मार्च को रायपुर तथा 15 अप्रैल से कोलकाता के लिए चलेंगे प्लेन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने इंजीनियरिंग कालेज रीवा में टेक फेस्ट का शुभारंभ किया। रीवा इंजीनियरिंग कालेज के 62वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में कालेज के पूर्व छात्र तथा उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि अपने स्थापना की 62वीं वर्षगांठ मना रहा इंजीनियरिंग कालेज रीवा तकनीक और विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। इंजीनियरिंग कालेज के विकास में इसके पुरा छात्रों का सराहनीय योगदान है। इस इंजीनियरिंग कालेज ने विन्ध्य की कई प्रतिभाओं को तराशा है जो देश-विदेश के बड़े संस्थानों में अपनी प्रतिभा की चमक बिखेर रही हैं। इंजीनियरिंग कालेज के विकास के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी। पुरा छात्रों के सहयोग से आज इंडस्ट्री इंस्टीट्यूट इंट्रैक्शन सेंटर की आधारशिला रखी गई है। यह सेंटर कालेज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, प्रोफेसरों को बड़े औद्योगिक संस्थानों से संवाद का केन्द्र बनेगा। इसके निर्माण के लिए मैं अपनी विधायक निधि से 10 लाख रुपए दे रहा हूं। भारत में वर्तमान में यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में तेजी से विकास हो रहा है। भारत विश्वगुरू बनने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। खाड़ी में अशांति के कारण होर्मूज स्टेट से किसी भी देश के जल जहाज पार नहीं हो रहे हैं, लेकिन ईरान ने भारत के जहाजों को जाने की अनुमति दी है। यह हमारे देश के कुशल नेतृत्व की विश्व में अच्छी साख का परिणाम है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा बहुत तेजी से विकास कर रहा है। पेरिस सम्मेलन के बाद हमने सबसे पहले गुढ़ में 750 मेगावाट का सोलर प्लांट लगाया। इसकी बिजली से दिल्ली की मेट्रो चल रही है। रीवा से इंदौर, भोपाल और दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा है। रीवा से 17 मार्च को रायपुर तथा 15 अप्रैल से कोलकाता के लिए भी हवाई सेवा शुरू हो रही है। अब बड़े उद्योगपतियों, निवेशकों तथा विशेषज्ञों को रीवा आने में किसी तरह की कठिनाई नहीं होगी। इंजीनियरिंग कालेज में रिसर्च और इनोवेशन की दिशा में लगातार अच्छे प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने एलपीजी गैस संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक मॉडल प्रस्तुत किया है। यहाँ प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बड़े प्लेटफार्म का अवसर मिलने पर विन्ध्य की प्रतिभाएं आसमान तक तिरंगा फहरा सकती हैं। उप मुख्यमंत्री ने समारोह के पूर्व ट्रिपल आई सेंटर का भूमिपूजन किया तथा विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई टेक फेस्ट प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
समारोह में अडानी उद्योग समूह के रिन्यूअल एनर्जी के मैनेजिंग डायरेक्टर चैतन्य साहू ने कहा कि रीवा इंजीनियरिंग कालेज ने सफल इंजीनियरों के साथ उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल जैसा विकास के लिए समर्पित और सकारात्मक दृष्टिकोण वाला राजनेता भी हमें दिया है। विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को आत्मविश्वास से आगे बढ़ाकर ऊंचे लक्ष्य प्राप्त करने की कोशिश करें। हर असफलता हमें सफलता की ओर कदम बढ़ाने की प्रेरणा देती है। कालेज के पूर्व विद्यार्थियों से मार्गदर्शन और प्रेरणा लेकर विद्यार्थी सफलता के नए शिखर छू लें। समारोह में कालेज के पुरा छात्र तथा एनटीपीसी के सेवानिवृत्त सीएमडी आरएस शर्मा ने कहा कि हम सबने इंजीनियरिंग कालेज के दो कमरों में जो सपने देखे थे वे आज पूरा आकार ले चुके हैं। कालेज के प्राचार्य, विद्यार्थी, पुरा छात्र, सरकार और औद्योगिक संस्थान आधार स्तंभ हैं। इनके समन्वय और संवाद के लिए ट्रिपल आई सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। समारोह में कालेज के प्राचार्य आरपी तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कालेज की विकास यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कालेज में 1964 में तीन कोर्स शुरू किए गए। वर्तमान में पाँच कोर्स, पीजी कोर्स और पीएचडी की सुविधा है। कालेज में 9 यूजी कोर्स तथा 10 पीजी कोर्स शुरू करने के लिए 175 करोड़ की कार्ययोजना बनाई गई है। समारोह में विद्यार्थियों ने आरईसी हमारी शान है, इससे हमारी पहचान है गीत के माध्यम से संस्थान की उपलब्धियों का बखान किया। समारोह में नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, अल्ट्राटेक सीमेंट मैहर के प्रेसिडेंट तथा प्लांट हेड विजनेश्वर मोहंती, टोंस हाइड्रल पावर के असिस्टेंट चीफ इंजीनियर पुरूषोत्तम गुप्ता, बीएसएनएल के पीजीएम यतीश कठेरिया, कालेज के प्रथम बैच के छात्र सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर अनुपम श्रीवास्तव, अन्य पूर्व छात्र, प्राध्यापकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह का संचालन प्रोफेसर डॉ. संदीप पाण्डेय ने किया। समारोह का समापन चीफ इंजीनियर श्री विनोद सिंह द्वारा आभार प्रदर्शन से
हुआ।

