कलेक्टर मऊगंज ने तीन डॉक्टरों को दिया नोटिस
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने बिना अवकाश अनुपस्थित पाए गए तीन डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस दिया है। कलेक्टर ने सिविल अस्पताल में पदस्थ डॉ. कुमुद पाठक तथा डॉ. रूपेश वर्मा एवं बीएमओ डॉ. प्रद्युम्न शुक्ला को कारण बताओ नोटिस दिया है। इस संबंध में कलेक्टर ने बताया कि डिप्टी कलेक्टर पवन गोरैया द्वारा सिविल अस्पताल मऊगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में तैनात दो डॉक्टर तथा बीएमओ कार्यालय से बीएमओ कार्यालय समय में बिना किसी अवकाश सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसके कारण अस्पताल में आने वाले रोगियों और आमजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यह आचरण अनुशासनहीनता तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के प्रतिकूल है, जिसके कारण नोटिस दिया गया है। नोटिस का तीन दिन में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने की कार्यवाही की जाएगी।


