किशोरियों को कैंसर सुरक्षा कवच देने के लिए लगातार लगाए जा रहे एचपीवी टीके
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जिले भर में 14 और 15 साल की किशोरियों को एचपीवी टीके लगाने का विशेष अभियान जारी है। यह टीका किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने का सबसे कारगर उपाय है। सवास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर अभियान के तहत किशोरियों का टीकाकरण कर रहे हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने बताया कि सिविल अस्पताल त्योंथर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मनगवां में आयोजित शिविर में किशोरियों को एचपीवी टीके लगाए गए। टीके लगवाने वाली किशोरियों तथा अभिभावकों को टीकाकरण के संबंध में समझाइश भी दी गई। सिरमौर में स्वास्थ्य केन्द्र में लगाए गए शिविर में शासकीय हाईस्कूल बीड़ा की किशोरियों को एचपीवी टीके लगाए गए। जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा ने किशोरियों को टीकाकरण केन्द्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की। खण्ड शिक्षा अधिकारी तथा प्राचार्यों द्वारा भी इसमें सहयोग किया गया। जिले भर में किशोरियों का लगातार टीकाकरण किया जा रहा है।

