नशीले पदार्थ खिलाकर महिलाओं का शोषण! खरात प्रकरण में SIT का बड़ा खुलासा
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक से सामने आए सनसनीखेज ‘खरात प्रकरण’ में SIT जांच ने चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं। आरोपी अशोक उर्फ कैप्टन खरात को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 29 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
जांच के अनुसार आरोपी महिलाओं को खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करता था और फिर उनका शोषण करता था। SIT को मिले सुरागों के मुताबिक आरोपी खुद को प्रभावशाली और धार्मिक छवि वाला व्यक्ति बताकर महिलाओं का भरोसा जीतता था।
पुलिस ने आरोपी के ठिकानों से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, नकदी और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और अब तक कितनी महिलाएं इसका शिकार बनी हैं।
वहीं बचाव पक्ष ने रिमांड की जरूरत पर सवाल उठाए, लेकिन कोर्ट ने दलीलों को खारिज करते हुए पुलिस को आगे की जांच के लिए समय दिया।
यवतमाल में फूटा गुस्सा
मामले को लेकर यवतमाल में लोगों का आक्रोश देखने को मिला। विभिन्न संगठनों ने सड़क पर उतरकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को ज्ञापन भी सौंपा।
फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।



