
कोल्हापुर की अमृता पुजारी बनीं चौथी महिला महाराष्ट्र केसरी
कोल्हापुर की ही वेदिका सासने को हराकर इतिहास में दर्ज किया नाम
जीता चांदी की गदा और सोनेट कार
• उपविजेता वेदिका सासने को बुलेट मोटरसाइकिल
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सोलापुर महाराष्ट्र
सोलापुर में रविवार को आयोजित चौथी महिला महाराष्ट्र कुश्ती स्पर्धा के रोमांचक फाइनल मुकाबले में कोल्हापुर की अमृता पुजारी ने वेदिका सासने को पराजित कर प्रतिष्ठित महाराष्ट्र केसरी का खिताब अपने नाम किया।
यह स्पर्धा महाराष्ट्र राज्य कुश्तीगीर संघ और निर्झरा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हरीभाई देवकरण प्रशाला मैदान पर आयोजित की गई। अमृता पुजारी और वेदिका सासने के बीच हुआ अंतिम मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा। अमृता ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए पहले डेढ़ मिनट में दो अंक हासिल किए। इसके बाद तीन और अंक लेकर उन्होंने पहले सत्र में 5-0 की बढ़त बनाई।
दूसरे सत्र में वेदिका ने आक्रामक वापसी की कोशिश की, लेकिन अमृता ने संयम बनाए रखते हुए दो और अंक अर्जित कर जीत पक्की कर ली। अंतिम दो मिनटों में अमृता ने रक्षात्मक खेल दिखाते हुए वेदिका को रोककर रखा। इस प्रकार अमृता ने 7-0 के अंतर से मुकाबला जीतकर महाराष्ट्र केसरी का खिताब अपने नाम किया।
पालकमंत्री जयकुमार गोरे के हाथों विजेता अमृता पुजारी को चांदी की गदा, 51,000 की नकद राशि, स्मृतिचिह्न और सोनेट कार की चाबी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता वेदिका सासने को 25,000 की नकद राशि, स्मृतिचिह्न और बुलेट मोटरसाइकिल से सम्मानित किया गया।
जीत के बाद महिला पहलवानों और समर्थकों ने अमृता पुजारी और उनके प्रशिक्षक दादासो लवटे को कंधों पर उठाकर ढोल-ताशों और आतिशबाजी के बीच भव्य जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया।
कार्यक्रम में महापौर विनायक कोंड्याल, हिंद केसरी योगेश दोडके, आयोजक स्वाती अळ्लीमोरे-साखरे, अक्कलकोट अन्नछत्र मंडल के संस्थापक जन्मेजयराजे भोसले, ट्रिपल महाराष्ट्र केसरी भाग्यश्री फड, महाराष्ट्र केसरी मुन्नालाल शेख, समाधान घोडके, उप-महाराष्ट्र केसरी भरत मेकाले, मौला शेख, उमेश सुळ, भाजपा शहराध्यक्ष रोहिणी तडवळकर, सभागृह नेता नरेंद्र काले, स्थायी समिति अध्यक्ष रंजिता चाकोते, भाजपा जिला अध्यक्ष शशिकांत चव्हाण, जिला परिषद उपाध्यक्ष इंद्रजीत पवार, रमेश बारसकर, सागर कल्याणशेट्टी, पहलवान लोखंडे, उद्योगपति सागर कट्टे, प्रकाश वानकर, सुधा अळ्लीमोरे, योगेश बोंबाळे, श्रीदेवी फुलारे, युवराज सरवदे तथा सेरेंटिका रिन्यूएबल्स के सुरजीत नारायण सहित कुश्ती क्षेत्र के अनेक गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्वेता हुल्ले ने किया।
महिला कुश्ती के लिए 50 लाख रुपये का प्रस्ताव – मंत्री गोरे
अपने भाषण में पालकमंत्री जयकुमार गोरे ने कहा कि पुरुष कुश्ती प्रतियोगिताओं के लिए राज्य सरकार एक करोड़ रुपये का प्रावधान करती है, लेकिन महिला कुश्ती के लिए कोई निधि उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष से महिला कुश्ती प्रतियोगिताओं के लिए 50 लाख का वार्षिक प्रावधान करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दिया जाएगा।
रोमांचक मुकाबले और जीवंत संचालन
पूरे कार्यक्रम का संचालन युवराज केचे ने अपने खास देसी अंदाज में किया, जिससे मुकाबलों का रोमांच और बढ़ गया। उनके उत्साहपूर्ण वर्णन और ढोल की थाप ने माहौल को और भी जोशपूर्ण बना दिया।
स्पर्धा के कई मुकाबले बेहद कांटे के रहे। कोच साइडलाइन से खिलाड़ियों को रणनीति बताते नजर आए, वहीं अन्य खिलाड़ी भी अपने साथियों का उत्साहवर्धन करते दिखे।
भीषण गर्मी के बावजूद उत्कृष्ट आयोजन
यह स्पर्धा भीषण गर्मी के दौरान आयोजित हुई, जब सोलापुर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बावजूद इसके आयोजकों ने पंखों और कूलर की व्यवस्था कर दर्शकों और खिलाड़ियों को राहत दी। दर्शकों के लिए दो बड़े एलईडी स्क्रीन भी लगाए गए थे।
इतने बड़े आयोजन के बावजूद दर्शकों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, हालांकि महिला दर्शकों की उपस्थिति उल्लेखनीय थी।
यह आयोजन हरित ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी सेरेंटिका रिन्यूएबल्स के सह-प्रायोजन में तथा निर्झरा केयर फाउंडेशन की अध्यक्षा स्वाती अळ्लीमोरे-साखरे की पहल पर संपन्न हुआ।

