
संचारी रोग नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त, अप्रैल में चलेगा विशेष अभियान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संचारी रोग नियंत्रण सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तथा दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया जाएगा।
उन्होंने नगर निकायों को नालों की विशेष सफाई कराने, पंचायत विभाग को गांवों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को मच्छरदानी के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा शिक्षा विभाग को स्कूलों में बच्चों व अभिभावकों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने को कहा गया।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के चयन की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जनपद में कुल 200 आशाओं का चयन किया जाना है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को एक माह में चयन प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।
परिवार नियोजन कार्यक्रम, संस्थागत प्रसव, एएनसी पंजीकरण और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रगति में सुधार के निर्देश दिए। गंभीर एनीमिया वाले क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने को कहा गया।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की प्रगति पर असंतोष जताते हुए ताखा ब्लॉक में सुधार के निर्देश दिए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीबी उन्मूलन अभियान और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि 24 मार्च से शुरू हुआ 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान 24 जून तक चलेगा, जिसमें अधिक से अधिक मरीजों की पहचान और जांच सुनिश्चित की जाएगी। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, सीएमएस (महिला) अनिल कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



