
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 28 शिकायतें प्राप्त, 3 का मौके पर निस्तारण
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने कहा कि प्रकरणों की गंभीरता से जांच की जाए तथा दोषी व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही गांवों के भ्रमण के दौरान योजनाओं का सत्यापन और लाभार्थियों से फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में विद्युत विभाग एवं स्वच्छ पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह से अधिक लंबित प्रकरणों के निस्तारण में विलंब के कारणों का उल्लेख किया जाए तथा सभी शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के बाद शासन स्तर से फीडबैक लिया जाता है, इसलिए समाधान गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सदर राजुकुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


