
“सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सुनी जनता की समस्याएं”
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय –3अंतर्गत “सबका सम्मान ,जीवन आसान” के तहत बेलसंड अनुमंडल स्थित प्रखंड कार्यालय सभाकक्ष में एक कार्यक्रम का आयोजन कर जिलाधिकारी द्वारा आम जनों की समस्याओं को सुना गया । कार्यक्रम में आम जनों के अलावे बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम में भूमि विवाद से संबंधित सबसे अधिक मामले आए। इसके अतिरिक्त राशन कार्ड ,शौचालय भुगतान ,पेयजल समस्या, सड़क अतिक्रमण, एंबुलेंस उपलब्धता, श्रम कार्ड,फसल क्षति अनुदान,विद्युत पोल की अनुपलब्धता,सोलर स्ट्रीट लाइट की मरम्मती, परिमार्जन/दाखिल खारिज की स्थिति, खाद्यान्न वितरण, सड़क निर्माण में लापरवाही, पंचायत भवनों में कर्मियों की अनुपस्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक की कमी, भूमि विवाद, नल–जल योजनाओं एवं सरकारी योजनाओं हेतु भूमि उपलब्धता, जैसी विभिन्न समस्याएं रखीं गई।
इन सभी बिंदुओं पर जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों को इसके निस्तारण करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने आरटीपीएस सेवाओं में सुधार का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यपालक सहायक, बीडीओ, सीओ एवं बीपीआरओ अपने-अपने स्तर से सतत मॉनिटरिंग करें।उन्होंने कहा कि सतत मॉनिटरिंग के कारण आरटीपीएस सेवाओं की उपलब्धता पहले से बेहतर हुई है।
उन्होंने स्पष्ट कहा—
“आरटीपीएस सेवाओं में देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मी पर कार्रवाई तय है। जनता को समयबद्ध सेवा देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
डीएम ने बीडीओ व बीपीआरओ को निर्देशित किया कि सभी पंचायत कार्यालयों में विभिन्न विभागों के कर्मियों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व कर्मियों, कार्यपालक सहायकों और पंचायत सचिवों से उनकी उपस्थिति एवं कार्य निष्पादन की समीक्षा की।उन्होंने कहा कि “लचर प्रदर्शन करने वालों पर हर हाल में कार्रवाई की जाएगी। जनता की सेवाओं में शिथिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।उनकी उपस्थित का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश बीडीओ ,सीओ एवं बीपीआरओ को दिया।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा बेलसंड बाजार में जाम की स्थिति, गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सड़क निर्माण एवं मरम्मती, बिजली बिल में सुधार करने, लेबर कार्ड बनाने में दिक्कत, शौचालय का बकाया भुगतान ,नलकूप की समस्या, वृद्धा पेंशन एवं बिजली के वोल्टेज की समस्या इत्यादि से संबंधित समस्याएं रखी गई। उक्त आलोक में जिलाधिकारी द्वारा समस्याओं के निराकरण की दिशा में आवश्यक निर्देश उपस्थित पदाधिकारियों को दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर कार्य संस्कृति में अपेक्षित सुधार दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तंत्र सक्रिय और जवाबदेह बने। दायित्वों के निर्वहन में प्रतिबद्धता और पारदर्शिता स्पष्ट झलकनी चाहिए, तभी कौशल विकास, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति संभव है।
आज के कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्री अमित रानू, एसडीओ वंदना सिंहा ,डीपीआरओ कमल सिंह , संबंधित दोनों प्रखंड के बीडीओ,सीओ,रप्रखंड स्तरीय अन्य पदाधिकारी के साथ स्थानीय जन प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

