
सीतामढ़ी में एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन की सख्त निगरानी, पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, संवाददाता। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू, पारदर्शी एवं उपभोक्ता अनुकूल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी नियमित रूप से विभिन्न गैस एजेंसियों और वितरक दुकानों का निरीक्षण कर रहे हैं।
प्रशासन द्वारा अनियमितताओं, कालाबाजारी और उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी की शिकायतों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है। विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि गैस एवं उर्वरक की अवैध आवाजाही को रोका जा सके।
जिला आपूर्ति अधिकारी सुनील कुमार सिंहा ने बताया कि जिले में 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कुल उपलब्धता 15,480 है, जिसमें इंडियन ऑयल के 7,932, भारत पेट्रोलियम के 3,797 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 3,751 सिलेंडर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 19 किलोग्राम के कुल 292 सिलेंडर भी उपलब्ध हैं, जबकि जिले की दैनिक आवश्यकता लगभग 12,500 सिलेंडर है।
उन्होंने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। प्रतिदिन मांग के अनुरूप गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे घबराएं नहीं।
आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। तेल, एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या सूचना के लिए नागरिक दूरभाष संख्या 06226-250316 पर संपर्क कर सकते हैं।



