
इटावा पुलिस का फ्लैग मार्च, अम्बेडकर जयंती पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
आगामी डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के मद्देनजर जनपद इटावा में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना जसवंतनगर क्षेत्र में रविवार को व्यापक स्तर पर रूट मार्च निकाला गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभय नाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना जसवंतनगर पुलिस ने भारी संख्या में पुलिस बल के साथ क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
रूट मार्च के दौरान लोगों को अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर थाना प्रभारी जसवंतनगर कमल भाटी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, रूट मार्च का मुख्य उद्देश्य अम्बेडकर जयंती के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
