
विधायक देवतालाब ने मझगवां में किया नलजल योजना का लोकार्पण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जल जीवन मिशन के तहत मऊगंज जिले में समूह नलजल योजना तथा एकल नलजल योजनाओं का कार्य किया जा रहा है। पूर्ण एकल नलजल योजनाओं को समारोहपूर्वक ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जा रहा है। इस क्रम में ग्राम मझगवां में विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम ने नलजल योजना का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक श्री गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हर घर में नल से जल पहुंचाने का संकल्प धीरे-धीरे पूरा हो रहा है। मझगवां के सभी घरों में अब नल से साफ पानी पहुंचेगा। पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें। साथ ही सभी ग्रामवासी नलजल योजना के संचालन और संधारण में सहयोग करें। यह नलजल योजना आपके लिए ही है। ग्राम पंचायत द्वारा तय की गई जल कर की मामूली सी राशि का भी नियमित भुगतान करें।
समारोह में कार्यपालन यंत्री संजय पाण्डेय ने जल जीवन मिशन के तहत मऊगंज जिले में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामवासियों को जल स्वच्छता की शपथ दिलाई। समारोह में सरपंच, पंचगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



