
निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक, समयबद्धता व गुणवत्ता पर जोर
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा, उत्तर प्रदेश
मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जनपद के विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड, इटावा को राजकीय इंटर कॉलेज के निर्माण कार्य को अप्रैल माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि शैक्षिक सत्र समय से संचालित हो सके।
जिला कारागार में 24 बंदी क्षमता वाले हाई सिक्योरिटी बैरक के निर्माण में आरसीसी दीवारों के जॉइंट में पाई गई खामियों को तत्काल सुधारने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड (इकाई-2), इटावा द्वारा सैफई में चल रहे कार्यों में पत्थरों के जॉइंट सही ढंग से मिलाने और घिसाई कार्य बेहतर करने को कहा गया। वहीं, उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत 50 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण में ईंटों की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए।
मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज, सैफई की बाउंड्री वॉल तथा मेडिकल कॉलेज में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विस्तार हेतु प्रीफैब्रिकेटेड निर्माण कार्य को मई से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओपीडी रैंप, 300 बेडेड प्रसूति एवं स्त्री रोग ब्लॉक तथा पैरामेडिकल भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
विकास खंड महेवा के ग्राम बहेड़ा में अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय का निर्माण अप्रैल में पूरा कर शीघ्र संचालन शुरू करने के निर्देश दिए गए। जिला संयुक्त चिकित्सालय में अग्निशमन व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग, मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
शहर के पक्का तालाब क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक भवनों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण तथा ग्राम विक्रमपुर में शिव मंदिर के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।
सीएंडडीएस परियोजनाओं के अंतर्गत विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय ब्लॉक और मल्टीपरपज हॉल के निर्माण में गुणवत्ता व प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन केंद्र आवासीय भवनों के कार्य में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने को कहा गया।
मॉडल कंपोजिट विद्यालय ममनी-हिम्मतपुर में सॉयल ट्रीटमेंट कार्य को प्राथमिकता देने तथा निरीक्षण के दौरान तकनीकी अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज में इंडोर मिनी स्टेडियम, डायट में अतिरिक्त कक्ष, ऑडिटोरियम और मीटिंग हॉल के निर्माण कार्यों में आवश्यक तकनीकी सुधार करने को कहा गया।
भर्थना क्षेत्र में 1000 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा लोक निर्माण विभाग को बकेवर-सिंडोस मार्ग के चौड़ीकरण और भर्थना बाईपास के निर्माण कार्य को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
नलकूप खंड-प्रथम, इटावा के अंतर्गत ऊर्जीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूर्ण हों।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
