
इटावा: अग्निशमन स्मृति दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, निकाली गई जागरूकता रैली
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
इटावा, । अग्निशमन स्मृति दिवस एवं अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर जनपद इटावा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन इटावा पहुंचकर शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा मौन धारण कर शोक परेड का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर वर्ष मुंबई बंदरगाह अग्निकांड 1944 में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों को याद किया गया। जनपद के सभी फायर स्टेशनों पर भी शोक परेड, प्रभात फेरी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने आग से बचाव, आवश्यक सावधानियों तथा आग लगने की स्थिति में किए जाने वाले उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य अग्निकांड की घटनाओं को रोकने एवं आमजन को जागरूक करना है।
इसके बाद आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से अग्निशमन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से आग से बचाव, त्वरित कार्रवाई तथा नुकसान को कम करने के उपायों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), समस्त क्षेत्राधिकारीगण, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।



