
हनुमना में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब की 135वीं जयंती,
समान अधिकार और शिक्षा से ही संभव है सामाजिक उत्थान: विधायक प्रदीप पटेल
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . भारतीय संविधान के शिल्पी और ‘भारत रत्न’ डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जिला स्तरीय कार्यक्रम हनुमना के सेठ रघुनाथ प्रसाद महाविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद वंदे मातरम गीत का गायन किया गया। समारोह के मुख्य मुख्य अतिथि विधायक श्री पटेल ने डॉ. अम्बेडकर के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि बाबा साहब का स्पष्ट मत था कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार प्राप्त हो उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने ‘हिंदू कोड बिल’ के माध्यम से महिलाओं को संपत्ति और शिक्षा का अधिकार दिलाने में पुरजोर पैरवी की थी।
विधायक श्री पटेल ने कहा कि बाबा साहब का कहना था कि यदि जीवन में सफल होना है, तो शिक्षा को ही सबसे बड़ा हथियार बनाना होगा। शिक्षा के माध्यम से ही सामाजिक और व्यक्तिगत उत्थान संभव है। आगामी संसदीय गतिविधियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल से देश की संसद में ‘नारी शक्ति वंदन’ के पूर्ण क्रियान्वयन को लेकर ऐतिहासिक चर्चा होने जा रही है। यह एक विधायी प्रक्रिया नहीं लोकतंत्र को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने का एक ‘महायज्ञ’ है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प को सिद्ध करने में देश की नारी शक्ति का योगदान अद्वितीय है। आज भारत की बेटियां अंतरिक्ष विज्ञान से लेकर खेल के मैदान तक अपनी सफलता का परचम लहरा रही हैं, जो बाबा साहब के महिला सशक्तिकरण के स्वप्न को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया और दलितों, पिछड़ों व महिलाओं के अधिकारों की वकालत की। उन्होंने भारत को एक ऐसा संविधान दिया जो जाति, धर्म और लिंग के आधार पर भेदभाव को समाप्त कर समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की स्थापना करता है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास (जूनियर) मऊगंज ,सामूहिक नृत्य अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास देवतलाब, अनुसूचित जनजाति कन्या आश्रम पिपराही की प्रस्तुति दी गई।
इस दौरान पीएम आवास के स्वीकृति पत्र हितग्राहियों को हित लाभ वितरण किया गया। महिला बाल विकास द्वारा विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को प्रशस्ति पत्र दिया गया इसी प्रकार जनपद हनुमान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वालों को प्रशस्ति पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, डिप्टी कलेक्टर पवन गौरैया ,सीईओ जनपद पंचायत हनुमना सुरभि श्रीवास्तव,महाविद्यालय के प्राचार्य, जिला संयोजक नीलकांत सिंह मरकाम अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।


