
मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह सम्मेलन में 200 से अधिक जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
जिला स्तरीय आयोजन में सामाजिक समरसता और जनकल्याण का दिखा उत्कृष्ट उदाहरण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मऊगंज में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक विवाह, निकाह आयोजन में 200 से अधिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। गरिमामय समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्र से आये जोड़ों ने वैदिक मंत्रोंच्चार और सामाजिक रीति रिवाज के साथ गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया। आयोजन के दौरान पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। जहाँ एक ओर हिंदू जोड़ों ने पंडितों द्वारा उच्चारित वैदिक ऋचाओं के बीच अग्नि को साक्षी मानकर फेरे लिए, वहीं दूसरी ओर निकाह की रस्मों को भी पूरी धार्मिक शुचिता के साथ संपन्न कराया गया। प्रशासन द्वारा सर्वधर्म समभाव और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए सभी जोड़ों के लिए पृथक-पृथक गरिमामय व्यवस्थाएं की गई थीं।

शहीद केदारनाथ महाविद्यालय प्रांगण मऊगंज में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने नवदम्पत्तियों को शुभ आशीर्वाद दिया। उपस्थित जनों ने कहा कि गरीब लोगों के लिए यह योजना हितकारी है। अब बेटियों के विवाह की चिंता स्वयं सरकार करती है और जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारी उपस्थित रह कर वर-वधू को आशीर्वाद देते हैं। आयोजन में सभी नवदंपत्तियों को शासन की ओर से निर्धारित सहायता राशि एवं उपहार सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर कलेक्टर संजय कुमार जैन ने नवदम्पत्तियों को सुखमय जीवन की शुभकामना दी। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी,मऊगंज जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह,सहित बड़ी संख्या में वर-वधू तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।


