
जिला स्तरीय सामूहिक विवाह/निकाह कार्यक्रम संपन्न
पारंपरिक रीति रिवाज के साथ विवाह/निकाह संपन्न
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा,मध्य प्रदेश
रीवा . मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजनान्तर्गत जिला स्तरीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन जनपद पंचायत जवा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने की। सम्मेलन में जिले के विभिन्न जनपदों एवं नगरीय निकायों से आए पात्र जोड़ों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विधिवत विवाह/निकाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर 196 जोड़ों का सामूहिक विवाह/निकाह संपन्न हुआ। जिनमें जनपद जवा के 32, त्योंथर के 26, सिरमौर के 31, रीवा के 23, रायपुर कर्चुलियान के 22, गंगेव के 23 सहित नगर निगम एवं विभिन्न नगर परिषदों के जोड़े शामिल रहे।
मुख्य अतिथि विधायक श्री दिव्यराज सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी है, जिससे उन्हें सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्राप्त होता है तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने सभी नवदम्पत्तियों के सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की तथा इस जनकल्याणकारी योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। सभी अतिथियों द्वारा नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया गया तथा शासन द्वारा निर्धारित सामग्री एवं आर्थिक सहायता का वितरण किया गया।
सम्मेलन अनिल दुबे संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण के निर्देशन में तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जवा सुलाब सिंह पुशाम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती रन्नु बीडी पांडे अध्यक्ष जनपद पंचायत जवा, श्रीमती पूर्णिमा तिवारी जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंचगण, मंडल अध्यक्ष अखिलेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रज्ञा तिवारी, अंकिता त्रिपाठी, अमृता कमल, अरविंद तिवारी की भूमिका रही। कार्यक्रम का सफल संचालन सामाजिक सुरक्षा अधिकारी अमित पांडे द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


