
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झण्डी
प्रेम, शांति और विश्व बंधुत्व का संदेश लेकर गांव-गांव तक पहुंचेगा दिव्य रथ
एक वर्ष तक चलेगा जन जागरण अभियान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्राम्हकुमारी संस्थान रीवा द्वारा संचालित किए जा रहे पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति एवं सद्भावना रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान समाज में प्रेम शांति और भाईचारे की भावना को सशक्त करेगा तथा प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। प्रेम, शांति और विश्व बंधुत्व का संदेश लेकर गांव-गांव तक भ्रमण करने वाले दिव्य रथ के माध्यम से एकता, प्रेम, सद्भावना व नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने दिव्य रथ में स्थापित 12 ज्योतिर्लिंगों के दिव्य स्वरूपों की पूजा-अर्चना की।
राजनिवास सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने ब्राम्हकुमारी संस्थान द्वारा चलाए जा रहे जन जागरण अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पावन और आध्यात्मिक कार्य प्रदेश में विश्व बंधुत्व की भावना जागृत करने में सहायक सिद्ध होगा। उल्लेखनीय है कि ब्राम्हकुमारी संस्थान की भोपाल जोन की डायरेक्टर बीके निर्मला के निर्देशन में जन जागरण अभियान के तहत ज्योतिर्लिंग रथ जिले में महाशिवरात्रि 2027 तक भ्रमण करेगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जिला भाजपाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता सहित ब्राम्हकुमारी संस्थान के प्रतिनिधि उपस्थित
रहे।


