बिहारप्रशासनसीतामढ़ी

ज्ञान भारतम् मिशन के तहत पांडुलिपियों के संरक्षण व डिजिटलीकरण की समीक्षा बैठक आयोजित

ज्ञान भारतम् मिशन के तहत पांडुलिपियों के संरक्षण व डिजिटलीकरण की समीक्षा बैठक आयोजित

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:सीतामढ़ी बिहार

सीतामढ़ी: जिले में “ज्ञान भारतम् मिशन” के अंतर्गत प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रिची पांडे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में अब तक चिन्हित, सर्वेक्षित एवं संरक्षित पांडुलिपियों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा ने मिशन के तहत चल रहे डिजिटलीकरण कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पांडुलिपियों के संरक्षण का कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए तथा सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।

 

बताया गया कि जिले में अब तक 05 साइट से कुल 85,459 पांडुलिपियों का सत्यापन संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया जा चुका है। इन पांडुलिपियों में कागज, भोजपत्र, ताड़पत्र एवं कपड़े पर लिखित कम-से-कम 75 वर्ष पुरानी हस्तलिखित सामग्री शामिल है।

 

बैठक में शिक्षाविद प्रो. डॉ. बबीता कुमारी, नम्रता ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद नील, पुरातत्वविद रामशरण अग्रवाल एवं विकास कुमार ने पांडुलिपि संरक्षण कार्यों पर विस्तृत जानकारी देते हुए महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।

 

“ज्ञान भारतम् मिशन” के तहत जिले में सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, मठों, मंदिरों, शैक्षणिक संस्थानों, पुस्तकालयों तथा निजी संग्रहों में उपलब्ध ऐतिहासिक पांडुलिपियों की पहचान, सर्वेक्षण, कैटालॉगिंग और संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। इन पांडुलिपियों को डिजिटाइज कर ‘ज्ञान भारतम् पोर्टल’ के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं के लिए सुलभ बनाया जाएगा, ताकि इस अमूल्य धरोहर को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सके।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, निदेशक डीआरडीए, डीपीआरओ कमल सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button