
इटावा: आपदा स्टियरिंग कमेटी की बैठक में बाढ़ व गर्मी से निपटने की तैयारियों की समीक्षा
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, — जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आपदा स्टियरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी बाढ़ एवं भीषण गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में यमुना एवं चंबल नदियों में संभावित बाढ़ को देखते हुए कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं। विशेष रूप से चकरनगर क्षेत्र में बाढ़ से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। हरौली गांव को जोड़ने वाली पुलिया का मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए, जिससे ग्रामीणों का आवागमन सुचारु बना रहे। इस संबंध में प्रभारी मंत्री द्वारा भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि चकरनगर क्षेत्र में प्रतिवर्ष बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है, इसलिए वहां स्थायी शरणालय एवं राहत केंद्र स्थापित किए जाएं। लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
गर्मी के मौसम में बच्चों के नदी, तालाब एवं नहरों में स्नान के दौरान होने वाली डूबने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस एवं तहसील प्रशासन को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही, जनजागरूकता अभियान चलाकर ऐसी घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करने को कहा। वाटर पार्कों में भी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
पशुओं के लिए हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा टीकाकरण अभियान को तेज करने के निर्देश दिए गए। नगर क्षेत्र में कोल्ड रूम की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आवश्यकता अनुसार नए कोल्ड रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी प्रमुख चौराहों पर शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पानी की नियमित जांच कराई जाए, जिससे जलजनित बीमारियों से बचाव हो सके। खराब पड़े सरकारी हैंडपंपों की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने लू से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने तथा आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया। पेट्रोल पंपों और बस अड्डों (सरकारी एवं निजी) पर शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह, अधिशासी अभियंता नगर पालिका परिषद संतोष मिश्रा, एआरटीओ प्रदीप देशमणि सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



