आलं-लसूण बेचने वाले आम आदमी बने फिल्म निर्माता, बेटी के सपने को दिया उड़ान
15 मई को रिलीज होगी मराठी फिल्म ‘पिक्चर बॉईज’
नागपुर के एक साधारण परिवार से आने वाले और आलं-लसूण (अदरक-लहसुन) बेचकर जीवन यापन करने वाले रवी पंडित पवार ने अपनी बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए मराठी फिल्म का निर्माण कर मिसाल पेश की है। उनकी फिल्म ‘पिक्चर बॉईज’ आगामी 15 मई को पूरे महाराष्ट्र में रिलीज होने जा रही है।
फिल्म का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च किया गया, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की कहानी गांव के दो युवकों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो फिल्मों की चमक-दमक से प्रभावित होकर हीरो बनने का सपना देखते हैं। फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने के बाद उनके जीवन में आने वाले मजेदार और संघर्षपूर्ण अनुभवों को हास्य अंदाज में पेश किया गया है।
‘पिक्चर बॉईज’ का निर्माण त्रिमूर्ति फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म के निर्माता रवी पांडुरंग पंडितपवार और राजा पांडुरंग पंडितपवार हैं, जबकि शिवाजी केशव पाटील सह-निर्माता हैं। फिल्म की कहानी, पटकथा, संवाद और निर्देशन निलेशसिंह राजपूत ने किया है।
फिल्म के गीत मंदार चोळकर, सुनील दोडगे और संध्या-प्रनिकेत ने लिखे हैं, जबकि संगीत वरुण लिखाते और संध्या-प्रनिकेत ने दिया है। सुप्रसिद्ध गायक आनंद शिंदे, जसराज जोशी, स्वप्नील गोडबोले, वरुण लिखाते और एल. के. लक्ष्मीकांत ने फिल्म के गीतों को आवाज दी है।
फिल्म में प्रतीक लाड, हंसराज जगताप, अरबाज शेख, पवन चौरे, घनश्याम दरोडे (छोटा पुढारी), प्रिया तुळजापूरकर, सूरज पाटील, किरण पाटील, नम्रता पोटे, निभिया शर्मा, सिद्धेश्वर झाडबुके, प्रशांत तपस्वी, मिलिंद दास्ताने, विजय खंदारे, साक्षी पंडितपवार, विजय गिते और अंकिता राऊत जैसे कलाकार नजर आएंगे।
निर्माता रवी पंडित पवार ने कहा कि फिल्म निर्माता बनना किसी आम आदमी के लिए आसान नहीं होता, लेकिन परिवार के सहयोग और बेटी के सपनों को पूरा करने की जिद ने उन्हें यह हिम्मत दी।
कॉमेडी, मनोरंजन, दमदार अभिनय और शानदार संगीत से सजी यह फिल्म गर्मी की छुट्टियों में दर्शकों को भरपूर मनोरंजन का अनुभव कराने वाली है।


