
PMEGP योजना के तहत “विमल एग ट्रे” इकाई का शुभारंभ
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
जिला उद्योग केन्द्र के तत्वावधान में 18 मई 2026 को PMEGP योजना के अंतर्गत स्थापित “विमल एग ट्रे” इकाई का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक, उद्योग विभाग के अधिकारी, स्थानीय मुखिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक ने बताया कि यह जिले की पहली ऐसी औद्योगिक इकाई है, जहां अंडों में उपयोग होने वाले एग ट्रे का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह इकाई भारत सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) योजना के तहत स्थापित की गई है, जिसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर सृजित करना है।
उन्होंने बताया कि इकाई की स्थापना के लिए बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया गया है। इस इकाई के शुरू होने से अंडा व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण एग ट्रे उपलब्ध हो सकेगा, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।
अधिकारियों ने “विमल एग ट्रे” के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह के नए उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतिष्ठान की प्रोपराइटर श्रीमती विमल देवी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास बेहतर गुणवत्ता की सेवा देने के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना होगा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्साह और हर्षोल्लास से भरा रहा।


