इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

जनपद इटावा में ऑरेंज अलर्ट जारी, भीषण गर्मी एवं लू के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने की अपील

जनपद इटावा में ऑरेंज अलर्ट जारी, भीषण गर्मी एवं लू के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने की अपील

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश

भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केन्द्र लखनऊ द्वारा जारी ताज़ा मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद इटावा सहित उत्तर प्रदेश के अनेक जनपदों में आगामी दिनों के दौरान भीषण गर्मी एवं उष्ण लहर (Heat Wave) से लेकर तीव्र उष्ण लहर (Severe Heat Wave) की स्थिति उत्पन्न होने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग द्वारा दिनांक 18 मई से 22 मई, 2026 तक जनपद इटावा हेतु ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तेज गर्म एवं शुष्क पछुआ हवाओं के प्रभाव तथा तापमान में निरंतर वृद्धि के कारण दिन के समय अत्यधिक गर्मी एवं लू जैसी परिस्थितियाँ बनी रहेंगी। दोपहर के समय तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे मौसम में विशेष रूप से वृद्धजन, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, किसान, श्रमिक, दिव्यांगजन एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

 

जिला प्रशासन द्वारा समस्त संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, नगर निकाय, पशुपालन विभाग एवं आपदा प्रबंधन तंत्र को आपात परिस्थितियों से निपटने हेतु सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

जनसामान्य हेतु आवश्यक सावधानियाँ:

प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें।

पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीते रहें तथा ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी एवं अन्य तरल पदार्थों का नियमित सेवन करें।

हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें तथा शरीर को पूर्णतः ढककर रखें।

बाहर निकलते समय सिर को टोपी, गमछा, दुपट्टा अथवा छाते से अवश्य ढकें।

अधिक समय तक खाली पेट न रहें तथा ताजा एवं हल्का भोजन ग्रहण करें।

बच्चों, वृद्धजनों एवं पशुओं को लंबे समय तक धूप एवं बंद वाहनों में न छोड़ें।

खेतों में कार्य करने वाले किसान एवं श्रमिक प्रातः एवं सायंकाल के समय कार्य करें तथा बीच-बीच में विश्राम लेते रहें।

अत्यधिक पसीना, चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, सिरदर्द अथवा बेहोशी जैसी स्थिति होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

विद्युत उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें तथा आग लगने की घटनाओं से बचाव हेतु सतर्क रहें।

 

जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की जाती है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का ही पालन करें। किसी भी आपात स्थिति अथवा सहायता हेतु संबंधित विभागों एवं नियंत्रण कक्ष-05688 250077, 297204 एवं टोल फ्री-1077 से तत्काल संपर्क स्थापित करें।

 

जनहित में जारी।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button