
क्षेत्र भ्रमण कर विभागीय कार्यों की मानीटरिंग करें – कमिश्नर
एकल नलजल योजनाओं का कार्य तय समय सीमा में पूरा कराएं – कमिश्नर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कमिश्नर बीएस जामोद ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में टीएल पत्रों के निराकरण की समीक्षा की। बैठक में कमिश्नर ने कहा कि सभी संभागीय अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर विभागीय कार्यों की सघन मानीटरिंग करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली कठिनाईयों को दूर कराएं। जनहित के कार्यों और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्यवाही करें। संयुक्त संचालक स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग मैदानी अमले के कार्यों पर सतत निगरानी रखें। मातृ मृत्यु दर तथा शिशु मृत्यु दर पर नियंत्रण एवं कम पोषित बच्चों का पोषण स्तर बढ़ाने के लिए विशेष प्रयासों की आवश्यकता है। दोनों विभाग मिलकर संयुक्त रणनीति बनाकर जिला और विकासखण्ड स्तर तक बैठकें आयोजित करके समन्वित प्रयास करें। गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन कराकर नियमित स्वास्थ्य जाँच कराएं। एनिमिक गर्भवती महिलाओं को क्लस्टर स्तर पर शिविर लगाकर स्वास्थ्य जाँच करें तथा आयरन सुक्रोज के इंजेक्शन लगवाएं।
कमिश्नर ने कहा कि अधीक्षण यंत्री पीएचई ग्रामीण क्षेत्र की एकल नलजल योजनाओं का कार्य तय समय सीमा में पूरा कराएं। रीवा और सिंगरौली जिले में कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। खराब हैण्डपंपों के सुधार, हैण्डपंपों में सिंगल फेज मोटर लगाने और राइजर पाइप बढ़ाने के कार्यों पर विशेष ध्यान दें। पेयजल से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे में निराकरण कराएं। पेयजल व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही करें। उपयंत्रियों के माध्यम से प्रतिदिन सुधारे गए हैण्डपंपों की जानकारी लेकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उपयंत्री, एसडीओ तथा सहायक यंत्री प्रतिदिन कम से कम 10 ग्राम पंचायत सचिवों और सरपंचों से फोन पर संपर्क करके पेयजल व्यवस्था की जानकारी लें। पेयजल व्यवस्था में किसी भी तरह की कठिनाई की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही करें। हर बसाहट में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता कराना हम सबकी जिम्मेदारी है।
कमिश्नर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान में सभी अधिकारी भागीदारी निभाएं। संभाग के सभी जिलों में 24 और 25 मई को जिला स्तर तथा विकासखण्ड स्तर पर जल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें शामिल होकर जल संरक्षण के प्रयासों में योगदान दें। सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। पीएचई, खाद्य राजस्व, ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय, श्रम, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष प्रयास करें। ई आफिस में संभाग लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। संभाग को प्रदेश में टॉप फाइव में शामिल करने के लिए सभी अधिकारी प्रयास करें। पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए केन्द्रीयकृत व्यवस्था लागू कर दी गई है। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण ऑनलाइन दर्ज कराएं।
बैठक में कमिश्नर ने समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेंहू का परिवहन कराकर सुरक्षित भण्डारण कराने एवं किसानों को लंबित राशि का भुगतान के निर्देश दिए। कमिश्नर ने अधिकारियों को संभागीय समीक्षा बैठक तथा कमिश्नर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं पर कार्यवाही करके प्रतिवेदन ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में योग दिवस की तैयारी, गति शक्ति पोर्टल पर निर्माण कार्यों से जुड़ी जानकारी दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने कहा कि नरवाई जलाने की घटनाएं पूरे संभाग में हो रही हैं। इसमें लापरवाही बरतने वालों को कारण बताओ नोटिस दें। संयुक्त संचालक कृषि खाद और बीज का समय पर उठाव कराकर वितरण सुनिश्चित करें। रीवा बायपास में पुराने पुल के सुधार का कार्य शीघ्र पूरा कराएं। अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण विभाग, अधीक्षण यंत्री पीआईयू तथा एमपीआरडीसी के अधिकारी मौके पर जाकर सुधार कार्य का निरीक्षण कर रिपोर्ट दें। रीवा शहर के अंदर से भारी वाहनों के गुजरने के कारण आमजनता को परेशानी हो रही है। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


