जनगणना कार्य में लगे कर्मियों को हीट वेव से बचाने के निर्देश जारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने समस्त चार्ज अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के दौरान फील्ड में कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व अनुभाग-11, लखनऊ के पत्र संख्या GoI-49/एक-11-2026 दिनांक 2 मई 2026 के क्रम में यह निर्देश जारी किए गए हैं। जनगणना का फील्ड कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित होगा, जो ग्रीष्म ऋतु के चरम समय में होने के कारण हीट वेव एवं लू की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतना जरूरी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि फील्ड कार्य का समय इस प्रकार निर्धारित किया जाए कि कार्य प्रातः 8 बजे से पूर्व एवं सायं 4 बजे के बाद किया जा सके, जिससे अत्यधिक तापमान से बचाव हो सके। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों का समय भी यथासंभव सुबह 8 बजे से प्रारंभ किया जाए।
उन्होंने कहा कि फील्ड में कार्यरत कार्मिकों, प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को हीट वेव से बचाव संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसमें पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, सिर ढककर कार्य करना तथा धूप में अनावश्यक रूप से न रुकने जैसे उपाय शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार ORS, पेयजल एवं प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


