
वार्षिक टोलमुक्त यात्रा योजना को अवधि विस्तार देने की मांग
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान :महाराष्ट्र, दिल्ली
नितिन गडकरी को संबोधित एक पत्र के माध्यम से आनंद रेखी ने केंद्र सरकार से “वार्षिक टोलमुक्त यात्रा योजना” की अवधि बढ़ाने की मांग की है।
जारी निवेदन में कहा गया है कि केंद्र सरकार द्वारा 15 अगस्त 2025 से शुरू की गई “₹3000 जमा कर एक वर्ष तक देशभर में टोलमुक्त यात्रा” योजना आम नागरिकों, व्यापारियों, यात्रियों एवं वाहन चालकों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हुई है। योजना के माध्यम से लोगों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्राओं में सुविधा प्राप्त हुई है।
पत्र में वर्तमान समय में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर उत्पन्न परिस्थितियों तथा बढ़ती परेशानियों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि ऐसे समय में यह योजना आम जनता के लिए और अधिक सहायक सिद्ध हो सकती है। साथ ही यह भी बताया गया कि Narendra Modi द्वारा भी नागरिकों से केवल आवश्यक कार्य होने पर ही बाहर निकलने तथा निजी वाहनों का सीमित उपयोग करने की अपील की गई है।
मराठी राष्ट्रीय संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद रेखी ने अपने निवेदन में मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए “वार्षिक टोलमुक्त यात्रा योजना” को कम से कम एक वर्ष की अतिरिक्त अवधि प्रदान की जाए, ताकि नागरिकों को आर्थिक राहत एवं यात्रा में सुविधा मिलती रहे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार आम जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस विषय में सकारात्मक निर्णय लेगी।


