महाराष्ट्रपूणे

हिंदू इकॉनॉमिक फोरम की ओर से 6 जून को ‘शक्ति समिट 2026’ का आयोजन

हिंदू इकॉनॉमिक फोरम की ओर से 6 जून को ‘शक्ति समिट 2026’ का आयोजन

 

रिपोर्ट: विशाल समाचार

स्थान: पुणे, महाराष्ट्र

 

Hindu Economic Forum पुणे जिला चैप्टर की ओर से आगामी 6 जून 2026 को “शक्ति समिट 2026” उद्यमिता परिषद का आयोजन किया जाएगा। शिवराज्याभिषेक दिवस के अवसर पर आयोजित यह परिषद पाषाण स्थित Pune International Centre में सुबह 9 बजे से शाम 6:30 बजे तक आयोजित होगी।

 

फोरम के पुणे जिला चैप्टर अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी ने पत्रकार परिषद में बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन वर्ल्ड हिंदू इकॉनॉमिक फोरम के संस्थापक एवं चेयरमैन परमपूज्य स्वामी विज्ञानानंद, भाजपा नेता श्वेता शालिनी, महाराष्ट्र इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन के सदस्य दीपक करंजीकर तथा उद्योगपति डॉ. मनोज पोचट के हस्ते किया जाएगा।

 

सम्मेलन में रक्षा एवं अंतरिक्ष क्षेत्र, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रेलवे एवं बुनियादी ढांचा, डिजिटल परिवर्तन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, धार्मिक पर्यटन, मीडिया, शिक्षा और प्रशासन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। रक्षा क्षेत्र से जुड़े उभरते तकनीकी बदलाव, बदलते युद्ध कौशल तथा ‘रेअर अर्थ’ के भू-राजनीतिक महत्व पर भी चर्चा होगी।

 

‘विकसित भारत’ अभियान में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की भूमिका पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। वहीं कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं एकीकृत तकनीक विषयक सत्र में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, एआई और आधुनिक तकनीकों के बढ़ते प्रभाव पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

 

सम्मेलन के दौरान “शक्ति स्टार्टअप शोकेस” का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें रक्षा, मीडिया तकनीक, सिविल टेक्नोलॉजी और डीप-टेक क्षेत्र के नवउद्यमियों को अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

 

कार्यक्रम का समापन केंद्रीय सहकार एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ तथा महाराष्ट्र के सांस्कृतिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री आशिष शेलार के हस्ते किया जाएगा।

 

गौरव त्रिपाठी ने बताया कि “शक्ति समिट” के माध्यम से उद्योग, निवेश, स्टार्टअप नेटवर्किंग तथा दीर्घकालीन आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। भविष्य में इसे राष्ट्रीय स्तर की वार्षिक परिषद के रूप में विकसित करने की योजना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button