मध्य प्रदेशपर्यावरणरीवा

अध्यक्ष नगर निगम तथा कमिश्नर ने रोपे पौधे

अध्यक्ष नगर निगम तथा कमिश्नर ने रोपे पौधे

पर्यावरण की सुरक्षा के लिए हर व्यक्ति हर साल कम से कम एक पौधा लगाए – कमिश्नर

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा . विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रीवा संभाग के सभी जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। संभागीय मुख्यालय में मुख्य कार्यक्रम शासकीय इंजीनियरिंग कालेज परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रीवा नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय तथा रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने पौधे रोपित किए। कार्यक्रम में आयुक्त नगर निगम तथा प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर एवं अन्य अधिकारियों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी पौधे रोपित किए। कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम रीवा तथा जन अभियान परिषद द्वारा किया गया। इस अवसर पर कमिश्नर श्री जामोद ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए हर व्यक्ति को हर साल कम से कम एक पौधा रोपित करना आवश्यक है। धरती पर जीवन तभी सुरक्षित रहेगा जब इस पर हरियाली की चादर होगी।

 

शहरीकरण, औद्योगीकरण तथा अन्य विकास कार्यों में नष्ट होने वाले पौधों की तुलना में हमें दोगुने वृक्ष लगाने चाहिए। हमारे पूर्वज हमें हरी-भरी धरती सौंप के गए थे जिससे हमारा जीवन सुरक्षित रहा। भावी पीढ़ी के जीवन की सुरक्षा के लिए वृक्षारोपण ही एकमात्र उपाय है। विश्व पर्यावरण दिवस के साथ-साथ हम वर्ष भर पौधे रोपित करें तथा उनकी उचित देखभाल करके उन्हें तैयार करें। वृक्ष ही हमारे लिए जीवनदायिनी ऑक्सीजन के कारखाने हैं। इनका विनाश हमारे प्राणों पर संकट लेकर आएगा। कमिश्नर ने उपस्थितों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उपायुक्त नगर निगम प्रकाश द्विवेदी, संभागीय समन्वयक जन अभियान परिषद प्रवीण पाठक, डॉ. मुकेश येंगल तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button