
इटावा में पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु डीएम व एसएसपी ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी इटावा श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 25,632 अभ्यर्थी तीन दिनों में परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है, जिसमें प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक निर्धारित है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, प्रवेश-निकास, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



