
विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर जागरूकता अभियान, बाल श्रम उन्मूलन का लिया संकल्प
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी: विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर सीतामढ़ी जिले में बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास निगम, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिलाधिकारी रिची पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मियों ने बाल श्रम के विरुद्ध शपथ लेते हुए किसी भी रूप में बाल श्रम का समर्थन न करने तथा 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से श्रम कार्य न कराने का संकल्प लिया। साथ ही समाज को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जाकर बाल श्रम निषेध संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार कर रहा है।
जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं और उनका बचपन शिक्षा, सुरक्षा तथा समुचित विकास के लिए समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम बच्चों के अधिकारों का हनन होने के साथ-साथ समाज के विकास में भी बाधक है। जिला प्रशासन बाल श्रम उन्मूलन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता एवं प्रवर्तन संबंधी अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने नागरिकों, अभिभावकों, नियोजकों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे बाल श्रम के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा किसी भी बच्चे को श्रम कार्य में संलग्न पाए जाने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।



