
एलएसडीजी थीम चयन एवं जीपीपीएफटी गठन को लेकर जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी, बिहार
जिला पंचायत संसाधन केंद्र (DPRC), सीतामढ़ी में लोकलाइजेशन ऑफ सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (LSDG)* के अंतर्गत थीम चयन एवं ग्राम पंचायत योजना एवं सुविधा टीम (GPPFT) गठन को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों के जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) एवं प्रखंड कार्यपालक सहायकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों को सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन के लिए सशक्त बनाना तथा ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी योजना निर्माण प्रक्रिया को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को एलएसडीजी के विभिन्न विषयों, पंचायत स्तर पर प्राथमिकताओं के निर्धारण, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप थीम चयन तथा ग्राम पंचायत योजना एवं सुविधा टीम (GPPFT) के गठन एवं उसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पंचायत विकास योजनाओं में समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने एवं योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम में **डीपीआरसी शंकर कुमार** ने पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर थीम चयन कर गुणवत्तापूर्ण ग्राम पंचायत विकास योजनाएं तैयार करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पिरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक प्रभाकर कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) निर्माण की प्रक्रिया एवं पंचायतों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रभावी तैयारी और क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीडर रोहित कुमार,और दुर्गा प्रसाद ने एलएसडीजी थीम चयन की प्रक्रिया, जीपीपीएफटी गठन की आवश्यकता एवं पंचायतों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर गठित टीम स्थानीय समस्याओं की पहचान कर विकास योजनाओं को अधिक परिणामोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पंचायत विकास योजना निर्माण से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव साझा किए तथा पंचायतों में सतत विकास लक्ष्यों को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पंचायतों में एलएसडीजी आधारित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायत विकास योजना निर्माण प्रक्रिया को मजबूत करने का संकल्प लिया।



