
मतदाता सूची के अंतर को समाप्त करने की कार्यवाही करें – संभागीय प्रेक्षक श्री ए.के. सिंह
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान :रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त संभागीय प्रेक्षक श्री ए.के. सिंह (सेवानिवृत्त भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन नामावली वर्ष 2026 के तहत पंचायत तथा नगरपालिकाओं की मतदाता सूचियों में दर्ज मतदाताओं के अंतर के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रेक्षक श्री सिंह ने जिले की विधानसभा निर्वाचक नामावली तथा पंचायत एवं नगरपालिकाओं की प्रारूप मतदाता सूचियों के तुलनात्मक परीक्षण की समीक्षा करते हुए कहा कि दोनों सूचियों में पाए गए अंतर को प्राथमिकता के आधार पर समाप्त करने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं नगरपालिकाओं की मतदाता सूचियों में अधिक दर्ज मतदाताओं का गहन पुनरीक्षण एवं सत्यापन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी मतदाता सूचियां अद्यतन एवं त्रुटिरहित बन सकें।
कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में संभागीय प्रेक्षक ने कहा कि ग्राम पंचायतों एवं नगरपालिकाओं में उपलब्ध मृत्यु प्रमाण-पत्रों के आधार पर मृतक मतदाताओं के नाम नियमानुसार मतदाता सूची से विलोपित किए जाएं। जिन मामलों में मृत्यु प्रमाण-पत्र उपलब्ध न हो, वहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिये समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण किया जाना आवश्यक है। एएसडीआर सूची सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के पास उपलब्ध है। इस सूची का पंचायत एवं नगरपालिका मतदाता सूचियों से मिलान कर दर्ज मतदाताओं का गहन सत्यापन कराया जाए तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम नियमानुसार विलोपित किए जाएं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) एसके बेक ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाही की जायेगी। इस अवसर पर रजिस्ट्रीकरण तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।


