
UP SI (DV/PST) परीक्षा के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में जाकर तैयारियों की समीक्षा कर सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश ।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा में आज दिनांक 14.06.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में जाकर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा लिखित परीक्षा में सफल कुल 134 अभ्यर्थी जिनमें 56 महिला अभ्यर्थी भी शामिल है उन सभी के अगले चरण हेतु आयोजित की जाने वाली **उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (DV/PST) परीक्षा** को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत परीक्षा संबंधी तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण (PST), सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता, प्रतीक्षा स्थल, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निम्न बिन्दुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये ।
अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार पर एडमिट कार्ड एवं पहचान पत्र का गहन परीक्षण किया जाए।
बायोमेट्रिक, डिजिटल आईरिस एवं ई-केवाईसी प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किया जाए।
किसी भी प्रकार की विसंगति अथवा पहचान संबंधी संदेह की स्थिति में अभ्यर्थी को तत्काल नोडल अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
डीवी/पीएसटी स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए तथा रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।
अभ्यर्थियों हेतु पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध रहे।
महिला अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु पृथक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
नियंत्रण कक्ष (Control Room) को पूर्णतः सक्रिय रखते हुए सभी गतिविधियों की रीयल टाइम मॉनिटरिंग की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके दायित्वों का स्पष्ट आवंटन कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
साथ ही महोदय द्वारा कहा गया कि परीक्षा की शुचिता एवं अभ्यर्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द, क्षेत्राधिकारी नगर अभयनारायण राय, क्षेत्राधिकारी सैफई कुशलपाल आदि मौजूद रहे ।
इटावा पुलिस द्वारा उक्त परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


